Skip to main content

वैदिक अङ्गिरस ऋषि



वैदिक अङ्गिरस ऋषि

-आचार्य रामनाथ वेदालंकार

इन्द्रेण युजा निःसृजन्त वाघतो व्रजं गोमन्तमश्विनम्।
सहस्त्रं मे ददतो अष्टकण्र्य: श्रवो देवेष्वक्रत।। -ऋ० १०/६२/७

"राष्ट्रयज्ञ के ऋत्विज् मेधावी वे अङ्गिरस ऋषिगण राष्ट्रयज्ञ के ब्रह्मा राजा (इन्द्र) को सहायक पाकर पणियों द्वारा कैद किये हुए गौओं और अश्वों के समूह को छुड़ा लाते हैं तथा अष्टकर्णी गौएँ जनता को प्रदान कर देते हैं। इस प्रकार देवजनों में वे कीर्ति को प्राप्त करते हैं।"

जब राष्ट्र गो-हीन और अश्वहीन हो जाता है, शत्रुओं द्वारा उसकी सम्पत्ति अपहृत कर ली जाती है, तब अङ्गिरस् ऋषि ही उस सम्पत्ति को वापिस लाते हैं। उदाहरणार्थ, अपने ही देश को लें। यहां किसी समय दुधारू गौएँ होती थीं, घी-दूध-दही की इस देश में नदियां बहती थीं। आज अच्छी नस्ल की गौएँ दुर्लभ हैं। किसी समय हवा से बातें करने वाले, सधे हुए, उत्कृष्ट कोटि के घोड़े होते थे। आज वैसे घोड़े भी दुर्लभ हैं। देश के अङ्गिरस् ऋषियों के गोरक्षा और पशुरक्षा क अभियान से ही देश अपनी पुरानी स्थिति को पा सकता है, किन्तु देश के इन्द्र, अर्थात् राजा या सरकार का साहाय्य मिलना भी आवश्यक है।
पर वेद के गौ और अश्व केवल गाय और घोड़ों के ही वाची नहीं हैं। गौ का अर्थ है गव्य पदार्थ घी, दूध, दही आदि, जो कि समग्र भोज्य सम्पत्ति का प्रतीक है; अश्व उपलक्षण है इतर उपयोग में आने वाली वस्तुओं का। गौ के अर्थ वाणी, भूमि, ज्ञानकिरण आदि भी होते हैं। शत्रु ने हम पर अधिकार करके हमारी वाणी की स्वतन्त्रता को हर लिया है, या वेदवाणियाँ अन्धकारावृत हो गयी हैं, या शत्रु ने हमारी भूमियों को हस्तगत करके सीमा पर अपनी रक्षक-सेना नियुक्त कर दी है, जिसे उन्हें पुनः पाना कठिन हो गया है, अथवा ज्ञानकिरणें अज्ञानरूप पर्वत की गुफाओं में बन्द हो गयी हैं; इन सभी स्थितियों में राष्ट्र के अङ्गिरस् ऋषि आगे आते हैं और उनका उद्धार करते हैं। अश्व बल का भी प्रतीक है। जब राष्ट्र का बल छिन जाता है, राष्ट्रवासी निर्बल हो जाते हैं, तब भी अङ्गिरस् ऋषि उठकर निर्बलों में बल का सञ्चार करते हैं। अश्व शरीर की इन्द्रियों का भी नाम है। जैसे घोड़े घुड़साल में रहते हैं, वैसे ही इन्द्रियां शरीर में अवस्थित हैं। कभी-कभी इन इन्द्रियरूपी घोड़ों को कामक्रोधादि रिपु घेर कर अपनी पर्वतगुफा में बन्द कर लेते हैं, जिससे ये सत्कर्मों में प्रवृत नहीं हो पातीं। अङ्गिरस ऋषि सदुपदेश द्वारा मानवों की इन इन्द्रियों को भी उन्मुक्त करा देते हैं।

अङ्गिरस् ऋषि जिन गौओं का उद्धार करते हैं, वे अष्टकर्णी गौएँ है। साधारण गौओं के तो दो ही कान होते हैं, पर ये आठ कानों वाली है। वेदवाक्रूपी गौ अष्टकर्णी होती है, क्योंकि उसके गायत्री, अनुष्टुप् आदि कई छन्दों में प्रत्येक पाद में आठ-आठ अक्षर होते हैं। सामान्य वाणी भी अष्टकर्णी होती है, क्योंकि सुबन्त शब्दों की सम्बोधन को मिलाकर आठ कणियाँ हो जाती हैं। अन्यत्र वाणी को अष्टापदी कहा भी है। भूमिरूपी गौ भी अष्टकर्णीं है, क्योंकि वह चार वेदों और चार उपवेदों में व्याप्त है अङ्गिरस् ऋषियों की कीर्ति इन गौओं का उद्धार करने के कारण चारों ओर फैल जाती है।

ऋग्वेद के १० वें मण्डल का ६२ वां सूक्त, जिसके तीन मन्त्रों की अभी व्याख्या की गयी है, वैदिक अङ्गिरस् ऋषियों के प्रति भावभीनी श्रद्धाञ्जलि अर्पित करने वाला सुन्दर सूक्त है। इसका ऋषि है नाभा नेदिष्ठ। इस सूक्त तथा इससे पूर्ववर्ती ६१ वें सूक्त दोनों पर ऐतरेय ब्राह्मण में निम्नलिखित कथानक आता है- "मनुपुत्र नाभानेदिष्ठ आचार्यकुल में ब्रह्मचर्यवास कर रहा था। उसके पीछे उसके भाइयों ने दायभाग का बंटवारा कर लिया, उसे कुछ नहीं दिया। नाभानेदिष्ठ को जब यह पता लगा, उसने आकर पिता से कहा कि मुझे दायभाग से वञ्चित क्यों रखा? पिता ने कहा कि यह भाग तुझे न सही न मिला; अङ्गिरस् ऋषि स्वर्गप्राप्ति के लिए यज्ञ कर रहे हैं, उन्होंने षष्ठाह: पर्यन्त तो यज्ञ कर लिया है, आगे भूल गये हैं, तू जाकर उन्हें इन दोनों सूक्तों का शंसन करवा दे; वे स्वर्ग जाते हुए तुझे सहस्त्र गौएँ दे जायेंगे। पिता से प्रेरित नाभानेदिष्ठ ने ऐसा ही किया तथा एक सहस्त्र गौएँ पा लीं। इतने में ही किसी कृष्णशवासी पुरुष का रूप धारण किये हुए रुद्र ने आकर कहा कि इन गौओं को तू कहाँ ले जा रहा है? यह तो यज्ञशेष होने से रुद्र का भाग होता है, अतः मेरा है। जब नाभानेदिष्ठ ने कहा कि यह भाग तो स्वयं अङ्गिरसों ने मुझे दिया है, तब वह पुरुष बोला कि तू अपने पिता से ही जाकर पूछ लें, वे ही इसका निर्णय कर देंगे। पिता ने भी कहा कि यह भाग तो रुद्र का ही है। पुत्र ने आकर पिता का निर्णय पुरुष को सुना दिया। उसके सत्य कथन से प्रसन्न होकर उस पुरुष ने वे एक सहस्त्र गौएँ उसे ही दे दीं।"

वस्तुतः अङ्गिरस्-गण गौएँ प्रदान करते हैं, इस मन्त्रोक्त तथ्य को लेकर ही यह कथा रची गयी है। ६१ वें सूक्त के चौथे मन्त्र में केवल नाभा नाम है। भा का अर्थ दीप्ति है, 'अभा' का अर्थ हुआ 'दीप्ति का अभाव', 'न अभा नाभा' इस विग्रह से नाभा का अर्थ हुआ दीप्ति के अभाव का अभाव, अर्थात् अतिशयदीप्तियुक्तता, उसके नेदिष्ठ, अर्थात् अति समीप जो होना चाहता है वह नाभानेदिष्ठ है। ऐसा मनुष्य अङ्गिरसों की स्तुति कर रहा है तथा उनसे प्रार्थना कर रहा है कि तुम मानवजाति का उद्धार करो। सूक्त के प्रथम चार मन्त्र यहां दिये जा रहे हैं।

ये यज्ञेन दक्षिणया समक्ता इन्द्रस्य सख्यममृतत्वमाशत।
तेभ्यो भद्रमङ्गिरसो वो अस्तु प्रतिगुभ्णीत मानवं सुमेधस:।।१।।
"जो यज्ञ और दक्षिणा से संयुक्त हुए हैं, जिन्होंने इन्द्र का सख्य और अमृतत्व प्राप्त कर लिया है, ऐसे तुमको हे अङ्गिरसो, कल्याण प्राप्त हो। हे उत्कृष्ट मेधा वाले, तुम मानवजाति को अपना आश्रय दो।"

अङ्गिरस् ऋषि यज्ञ से संयुक्त होते हैं। यज्ञ शब्द यज धातु से बनता है, जिनके तीन अर्थ हैं- देवपूजा, संगतिकरण और दान। देवाधिदेव परमात्मा की पूजा करना प्रथम यज्ञ है। छोटे बड़े सबलोगों से जाकर मिलना, उनके दुःख दर्द को, उनकी समस्याओं को सुनना और उसके प्रतीकार के लिए सङ्गठन बनाना दूसरे प्रकार का यज्ञ है। दुःखियों के कष्टों का निवारणार्थ अथवा किसी महान् कार्य के लिए अपने तन-मन-धन को समर्पित कर देना तीसरा यज्ञ है। अङ्गिरस् ऋषि इन तीनों प्रकार के यज्ञों को करते हैं। अतएव महान् कार्य में सहायता के लिए उन्हें दूसरों से दक्षिणा, धनादि का दान भी प्राप्त होता है। वे सम्राटों के सम्राट् राजराजेश्वर प्रभु की मित्रता को प्राप्त कर लेते हैं, इसीलिए अमृतत्व, अर्थात् जीवन्मुक्ति की स्थिति को पहुंच जाते हैं। मानव उन्हें आशीर्वाद दे रहे हैं कि तुम्हें भद्र प्राप्त हो और अपने लिए यह याचना कर रहे हैं कि मानव जाति को अवलम्ब दो।

य उदाजन् पितरो गोमयं वस्तु-ऋतेनाभिन्दन् परिवत्सरे वलम्।
दीर्घायुत्वमङ्गिरसो वो अस्तु प्रति गृभ्णीत मानवं सुमेधस:।।२।।
"जिन्होंने पिता बनकर हमें गो-धन प्राप्त कराया, जिन्होंने वर्ष भर निरन्तर संघर्ष करके अपने सत्य के अस्त्र से पाप अन्याय-अत्याचार के वलासुर को छिन्न-भिन्न कर दिया, ऐसे हे अङ्गिरस् ऋषियों, तुम्हें दीर्घायुष्य प्राप्त हो। हे उत्कृष्ट मेधा वालों, तुम मानवजाति को अपना आश्रय दो।"

अयं नाभा वदति वल्गु वो गृहे देवपुत्रा ऋषयस्तच्छृणोतन।
सुब्रह्यण्यमङ्गिरसो वो अस्तु प्रति गृभ्णीत मानवं सुमेधस:।।३।।
"यह नाभानेदिष्ठ तुम्हारे गृहद्वार पर आकर रमणीय वचन बोल रहा है। हे परमात्मदेव के सच्चे पुत्र ऋषियो, उस वचन को सुनो। हे अङ्गिरस् ऋषियों, तुम्हें सुब्रह्मण्य प्राप्त हो। हे उत्कृष्ट मेधा वालों, मानवजाति को अपना आश्रय दो।" सभी राष्ट्रों में सदा अङ्गिरस् ऋषियों की पुकार होती है। आज भी विश्व अङ्गिरस् ऋषियों को पुकार रहा है और कह रहा है- प्रतिगृभ्णीत मानवं सुमेधस:।

[स्त्रोत- नूतन निष्काम पत्रिका : आर्यसमाज सांताक्रुज, मुम्बई का मासिक मुखपत्र का मई २०१९ का अंक; प्रस्तुति- प्रियांशु सेठ]

Comments

Popular posts from this blog

मनुर्भव अर्थात् मनुष्य बनो!

मनुर्भव अर्थात् मनुष्य बनो! वर्तमान समय में मनुष्यों ने भिन्न-भिन्न सम्प्रदाय अपनी मूर्खता से बना लिए हैं एवं इसी आधार पर कल्पित धर्म-ग्रन्थ भी बन रहे हैं जो केवल इनके अपने-अपने धर्म-ग्रन्थ के अनुसार आचरण करने का आदेश दे रहा है। जैसे- ईसाई समाज का सदा से ही उद्देश्य रहा है कि सभी को "ईसाई बनाओ" क्योंकि ये इनका ग्रन्थ बाइबिल कहता है। कुरान के अनुसार केवल "मुस्लिम बनाओ"। कोई मिशनरियां चलाकर धर्म परिवर्तन कर रहा है तो कोई बलपूर्वक दबाव डालकर धर्म परिवर्तन हेतु विवश कर रहा है। इसी प्रकार प्रत्येक सम्प्रदाय साधारण व्यक्तियों को अपने धर्म में मिला रहे हैं। सभी धर्म हमें स्वयं में शामिल तो कर ले रहे हैं और विभिन्न धर्मों का अनुयायी आदि तो बना दे रहे हैं लेकिन मनुष्य बनना इनमें से कोई नहीं सिखाता। एक उदाहरण लीजिए! एक भेड़िया एक भेड़ को उठाकर ले जा रहा था कि तभी एक व्यक्ति ने उसे देख लिया। भेड़ तेजी से चिल्ला रहा था कि उस व्यक्ति को उस भेड़ को देखकर दया आ गयी और दया करके उसको भेड़िये के चंगुल से छुड़ा लिया और अपने घर ले आया। रात के समय उस व्यक्ति ने छुरी तेज की और उस

मानो तो भगवान न मानो तो पत्थर

मानो तो भगवान न मानो तो पत्थर प्रियांशु सेठ हमारे पौराणिक भाइयों का कहना है कि मूर्तिपूजा प्राचीन काल से चली आ रही है और तो और वेदों में भी मूर्ति पूजा का विधान है। ईश्वरीय ज्ञान वेद में मूर्तिपूजा को अमान्य कहा है। कारण ईश्वर निराकार और सर्वव्यापक है। इसलिए सृष्टि के कण-कण में व्याप्त ईश्वर को केवल एक मूर्ति में सीमित करना ईश्वर के गुण, कर्म और स्वभाव के विपरीत है। वैदिक काल में केवल निराकार ईश्वर की उपासना का प्रावधान था। वेद तो घोषणापूर्वक कहते हैं- न तस्य प्रतिमाऽअस्ति यस्य नाम महद्यशः। हिरण्यगर्भऽइत्येष मा मा हिंसीदित्येषा यस्मान्न जातऽइत्येषः।। -यजु० ३२/३ शब्दार्थ:-(यस्य) जिसका (नाम) प्रसिद्ध (महत् यशः) बड़ा यश है (तस्य) उस परमात्मा की (प्रतिमा) मूर्ति (न अस्ति) नहीं है (एषः) वह (हिरण्यगर्भः इति) सूर्यादि तेजस्वी पदार्थों को अपने भीतर धारण करने से हिरण्यगर्भ है। (यस्मात् न जातः इति एषः) जिससे बढ़कर कोई उत्पन्न नहीं हुआ, ऐसा जो प्रसिद्ध है। स पर्यगाच्छुक्रमकायमव्रणमस्नाविरं शुद्धमपापविद्धम्। कविर्मनीषी परिभूः स्वयम्भूर्याथातथ्यतोऽर्थान् व्यदधाच्छाश्वतीभ्यः समाभ्य

ओस चाटे प्यास नहीं बुझती

ओस चाटे प्यास नहीं बुझती प्रियांशु सेठ आजकल सदैव देखने में आता है कि संस्कृत-व्याकरण से अनभिज्ञ विधर्मी लोग संस्कृत के शब्दों का अनर्थ कर जन-सामान्य में उपद्रव मचा रहे हैं। ऐसा ही एक इस्लामी फक्कड़ सैयद अबुलत हसन अहमद है। जिसने जानबूझकर द्वेष और खुन्नस निकालने के लिए गायत्री मन्त्र पर अश्लील इफ्तिरा लगाया है। इन्होंने अपना मोबाइल नम्बर (09438618027 और 07780737831) लिखते हुए हमें इनके लेख के खण्डन करने की चुनौती दी है। मुल्ला जी का आक्षेप हम संक्षेप में लिख देते हैं [https://m.facebook.com/groups/1006433592713013?view=permalink&id=214352287567074]- 【गायत्री मंत्र की अश्लीलता- आप सभी 'गायत्री-मंत्र' के बारे में अवश्य ही परिचित हैं, लेकिन क्या आपने इस मंत्र के अर्थ पर गौर किया? शायद नहीं! जिस गायत्री मंत्र और उसके भावार्थ को हम बचपन से सुनते और पढ़ते आये हैं, वह भावार्थ इसके मूल शब्दों से बिल्कुल अलग है। वास्तव में यह मंत्र 'नव-योनि' तांत्रिक क्रियाओं में बोले जाने वाले मन्त्रों में से एक है। इस मंत्र के मूल शब्दों पर गौर किया जाये तो यह मंत्र अत्यंत ही अश्लील व