महात्मा नारायण स्वामी का संन्यास वृतान्त
[एक अभूतपूर्व खोज...]
-प्रियांशु सेठ (वाराणसी)
घटना वर्ष 1922 की है, उत्तराखण्ड के नैनीताल जिले में स्थित पर्वतों से घिरे स्थान रामगढ़ में यह बात फैल गई थी कि महात्मा नारायण प्रसाद संन्यास धारण करने वाले हैं। सारे गांव वाले श्रद्धापूर्वक महात्मा नारायण प्रसाद के पास निवेदन करने गए कि "महाराज! आप ऐसे दिनों में संन्यास धारण कीजिए जिससे हम भी देख सकें और लाभ उठा सकें।" कारण था कि उन दिनों पर्वतीय लोग ठण्डे मौसम में पहाड़ों से नीचे उतरकर रहा करते थे और गर्मी के दिनों में वापस पहाड़ों में रहने लौट जाते थे। लोगों की इच्छा को देखते हुए महात्मा नारायण जी ने 5 से 11 जून तक यजुर्वेद के मन्त्रों द्वारा बृहद् यज्ञ करना और 12 जून को संन्यास धारण करना निश्चय किया। अब इसी 5 तारीख़ से प्रातःकाल 7 बजे यज्ञ आरम्भ होता था और दो से ढाई घण्टों में सब कृत्य समाप्त हुआ करता था। इसमें स्वामी सर्वदानन्द, स्वामी स्वरूपानन्द, साहू रामस्वरूप, भगवती प्रसाद मुरादाबाद, राय इन्द्रनारायण सकीट, म० युगलकिशोर सपत्नीक, सत्यपाल बरेली, म० इन्द्रजीत शाहजहाँपुर, पं० रामप्रसाद, म० मुलहीलाल, म० गौतम आयुर्वेद शिरोमणि पहले से उपस्थित थे। यज्ञ के समय सिर्फ रामगढ़ के ही नहीं; बल्कि अन्य क्षेत्रों, शहरों, जिलों से लोग आते थे।
तारीख़ 11 अर्थात् यज्ञ का अन्तिम दिवस जिसपर महात्मा जी का एक व्याख्यान हुआ जिसे मैं आपके समक्ष हू-ब-हू प्रस्तुत करता हूं-
"उपस्थित सज्जनों! मैं आपको जो इस यज्ञ में आकर इसकी शोभा बढ़ाई है, इसके लिए धन्यवाद देता हूं। आपको विदित हो कि मेरी इस बृहद् यज्ञ करने की इच्छा बहुत दिनों से थी। कारण यह कि मैंने जब से यज्ञ करना प्रारम्भ किया था तब से कभी नहीं छोड़ा। यात्रा में भी जब जाता था तब यज्ञ-सामान साथ ले जाता था, पर इधर पीछे के समय में यात्रा काल में कई असुविधाओं के कारण यज्ञ-सामान को साथ ले जाने में असमर्थ हुआ था। एक तो इसकी त्रुटि के कारण, दूसरे यह कि जिस समय मैंने यह मकान जिसमें रहता हूं बनवाया था उसके बाद मुझे यज्ञ करना चाहिए था; किसी कारणवश नहीं कर सका। तीसरा कारण बृहद् यज्ञ करने की इच्छा। इन सब के कारण मैंने यह यज्ञ किया। कल मेरा संन्यास संस्कार होगा। उसके बाद मैं इन सब कर्मों से छूट जाऊंगा। आज मेरा यह अन्तिम यज्ञ है। जब मैं आर्य्यसमाज में प्रवेश हुआ था तभी से मैंने यज्ञ करना आरम्भ किया और आज तक जारी रक्खा। उस समय मैं 20 वर्ष का था। मैंने एक दिन अपने जीवन का उद्देश्य स्थिर कर लिया। मैंने निश्चय किया 40 वर्ष के बाद वानप्रस्थ धारण करूंगा फिर उसके बाद संन्यास। मैंने इसको अपनी डायरी में नोट कर लिया। मैं बराबर नियमपूर्वक कार्य करता रहा। जब मैं 40 वर्ष का हुआ उस समय दैव योग से मेरी पत्नी का भी देहान्त हो गया और मैं अकेला हो गया। उस समय मुझे अपनी नोट की हुई बातों का ध्यान आया। मैंने तदुपरान्त वैसा ही करने का निश्चय किया, गुरुकुल में आया, 10 वर्ष तक वानप्रस्थ धर्मों का पालन करते हुए कुल की सेवा की। उसके बाद मेरी इच्छा हुई कि कहीं मैं 2 वर्ष एकान्त में रहूं क्योंकि स्वामी जी ने लिखा है कि गृहस्थ मनुष्य जब वानप्रस्थ ले तब कम से कम 12 वर्ष तक उसमें रहे। तदनुसार मैं यहां आया और मकान बनवा कर रहा। आप लोगों में से जिन्होंने इसके बनवाने आदि में सहायता दी उसके लिए आपका कृतज्ञ हूं और धन्यवाद देता हूं। अब मेरी अन्तिम इच्छा है जिस प्रकार मैं नियमपूर्वक प्रतिदिन हवन करता था उसी प्रकार कोई दूसरा व्यक्ति उसी हवन को जारी रक्खे। इसके लिए मैं अपना यज्ञपात्र उसे देना चाहता हूं जो इस नियम का पालन करता रहे और मैं आप लोगों से भी प्रार्थना करता हूं कि आप भी कम से कम ईश्वर प्रार्थना और यज्ञ बराबर करते रहें।"
इस पर रामगढ़ के एक जमींदार म० गुमान सिंह जी ने वे पात्र लेने चाहे और वैसा करने का वचन दिया। महात्मा जी ने पात्र उन्हें दे दिये। इसके पश्चात् महात्मा जी ने पुनः कहना प्रारम्भ किया कि "चूंकि कल मैं संन्यास धारण करूंगा अतएव मुझे वित्तैषणा का भी परित्याग करना पड़ेगा। मेरे पास कुछ सम्पत्ति है। दो हज़ार के लगभग होगी। मैं चाहता हूं कि उसे बैंक से अपने नाम कटा कर आर्य प्रतिनिधि सभा के नाम कर दूं और जब मुझे कुछ आवश्यकता हो उसका सूद मुझे भिजवाया करे और उसके बाद यदि कुछ द्रव्य (३००-४००) से इकट्ठा हो जाए तो ३-४ चार साल बाद तो उसको उस व्यक्ति को पारितोषिक रूप से दिया आप जो आर्यसमाजोपयोगी एक सर्वोत्कृष्ट ग्रन्थ लिखे। यदि उन तीन-चार सालों में ऐसा ग्रन्थ न प्रकाशित हुआ तो उस द्रव्य से छोटे-छोटे ट्रैक्ट छपा कर बिना मूल्य या थोड़े मूल्य पर वितरण किये जावें। बस, मैं इस कार्य से भी निबट गया। अब आप लोगों से प्रार्थना है कि आप भी नियमपूर्वक अपने कर्त्तव्य का पालन करें। परमेश्वर मुझे बल दें कि मैं भी अपने कर्त्तव्य का पालन कर सकूं। ओ३म् शम्!"
इसके ठीक बाद स्वामी सर्वदानन्द जी का एक प्रभावशाली भाषण "यज्ञ" के विषय में हुआ। पश्चात् स्वामी स्वरूपानन्द जी ने अपने व्याख्यानों में चार आश्रमों और वर्णों की व्याख्या करके महात्मा नारायण जी के विषय में अच्छे विचार प्रकट किए और कहा कि " मैंने ऐसा निर्लोभी, निष्कपट और सदाचारी नियम पालक आदमी नहीं देखा। मैं इनको बहुत दिनों से जानता हूं।" इसके बाद यज्ञ कार्य निर्विघ्न समाप्त हुआ। दोपहर का समय बीतने के बाद श्रीयुत म० इन्द्रजीत जी, शाहजहांपुर के दो व्याख्यान एक तो "स्त्री-शिक्षा" पर और दूसरा "ईश्वर" पर हुआ। एक व्याख्यान पं० रामप्रसाद जी का इस विषय पर कि "हमको आर्यसमाज में आकर उसकी अवश्य शरण लेनी चाहिए" बड़ा प्रभावशाली हुआ। पं० उदयसिंह जी ने अपना व्याख्यान पहाड़ी भाषा में दिया। अन्त में के व्याख्यान गौतम जी आयुर्वेद शिरोमणि का "उपनिषद् की एक प्राचीन कथा" पर हुआ जिसमें याज्ञवल्क्य और एक ऋषि का शास्त्रार्थ वर्णन किया गया।
दिनांक 12 जून वर्ष 1922 को महात्मा नारायण जी ने संन्यास धारण किया। ठीक 7 बजे से हवन प्रारम्भ होने के बाद संन्यास संस्कार विधि प्रारम्भ हुआ। विधि में लिखे हुए के अनुसार प्रथम चावल (भात) का होम देकर घृत की आहुतियां दी गई। इसके पश्चात् महात्मा नारायण जी ने मुण्डन संस्कार किया और अन्य विधियों के करने के पश्चात् श्री स्वा० सर्वदानन्द जी ने महात्मा नारायण जी को गेरुआ वस्त्र धारण करने को दिया तथा अन्य विधियां की गई। विधि समाप्त होने के बाद स्वामी सर्वदानन्द जी का उपदेश हुआ। इसके बाद नाम परिवर्तन की क्रिया के अनुसार महात्मा जी ने अपना नाम "नारायण" स्वीकार किया। तत्पश्चात् महात्मा जी उठ खड़े हुए और कहा-
"भद्रपुरुषों! आप लोगों ने कष्ट उठाकर दूर-दूर से जो यहां पदार्पण किया है उसके लिए धन्यवाद! आज मैंने एक बड़ा कठिन संन्यास का व्रत धारण किया है। यह इतना कठिन है कि इसका पालन करने के सामर्थ्य का रखना एक बड़े उच्च व्यक्ति का काम है। मैं नहीं जानता कि इसको मैं पालन कर सकूंगा या नहीं! मैं जब जब संन्यास धारण की बात सोचता था तब तब मेरे हृदय में अनेक भावनाएं पैदा होती थीं। आज भी जब मैं "पुत्रैषणा, वित्तैषणा, लोकैषणा मयापरित्यक्ता" इत्यादि का पाठ कर रहा था; मेरा हृदय दहल जाता था और उसमें एक अपूर्व भाव उदय होता था। आपका समाज मुझे ऐसा सहायक हो और परमेश्वर मुझे इतना बल और बुद्धि दे जिससे मैं इस व्रत का पालन कर सकूं।"
महात्मा नारायण स्वामी जी का जीवन हमें नियमों के कठोर पालन की प्रेरणा देता है। सौभाग्य से "वैदिक साहित्य संरक्षण अभियान" के तहत कठिन प्रयासों द्वारा आशीर्वाद रूप में मुझे स्वामी जी के हस्ताक्षर का दर्शन हुआ है। यह चित्र मैं आप सबसे साझा करते हुए लेखनी को विराम दे रहा हूं। अस्तु!
[नोट- वैदिक साहित्य संरक्षण अभियान से जुड़ने या सहयोग के लिए मुझसे निम्न पते पर Gmail द्वारा सम्पर्क करें- priansuseth1999@gmail.com]
Comments
Post a Comment