महात्मा नारायण स्वामी का संन्यास वृतान्त [एक अभूतपूर्व खोज...] -प्रियांशु सेठ (वाराणसी) घटना वर्ष 1922 की है, उत्तराखण्ड के नैनीताल जिले में स्थित पर्वतों से घिरे स्थान रामगढ़ में यह बात फैल गई थी कि महात्मा नारायण प्रसाद संन्यास धारण करने वाले हैं। सारे गांव वाले श्रद्धापूर्वक महात्मा नारायण प्रसाद के पास निवेदन करने गए कि "महाराज! आप ऐसे दिनों में संन्यास धारण कीजिए जिससे हम भी देख सकें और लाभ उठा सकें।" कारण था कि उन दिनों पर्वतीय लोग ठण्डे मौसम में पहाड़ों से नीचे उतरकर रहा करते थे और गर्मी के दिनों में वापस पहाड़ों में रहने लौट जाते थे। लोगों की इच्छा को देखते हुए महात्मा नारायण जी ने 5 से 11 जून तक यजुर्वेद के मन्त्रों द्वारा बृहद् यज्ञ करना और 12 जून को संन्यास धारण करना निश्चय किया। अब इसी 5 तारीख़ से प्रातःकाल 7 बजे यज्ञ आरम्भ होता था और दो से ढाई घण्टों में सब कृत्य समाप्त हुआ करता था। इसमें स्वामी सर्वदानन्द, स्वामी स्वरूपानन्द, साहू रामस्वरूप, भगवती प्रसाद मुरादाबाद, राय इन्द्रनारायण सकीट, म० युगलकिशोर सपत्नीक, सत्यपाल बरेली, म० इन्द्रजीत शाहजहाँपुर, प...