Skip to main content

स्वामी मुनीश्वरानन्दजी : एक परिचय


स्वामी मुनीश्वरानन्दजी : एक परिचय

प्रस्तुति- प्रियांशु सेठ

स्वामी मुनीश्वरानन्दजी का कार्यकाल पं० अयोध्या प्रसादजी से भी पूर्ववर्ती है। यों तो उनका कार्यक्षेत्र बिहार रहा है फिर भी कलकत्ता और आर्यसमाज कलकत्ता में यहां के अंचलों में वेदधर्म के प्रचारार्थ उनका आगमन होता ही रहता था और पर्याप्त समय तक वे यहां निवास करते हुए आर्यसमाज का प्रचार करते रहते थे। स्वामी मुनीश्वरानन्दजी दानापुर (पटना) के दियारा, उत्तरी भाग के रहने वाले थे। ये बालब्रह्मचारी पुरुष थे। आरम्भिक दिनों में स्वामी मुनीश्वरानन्दजी कबीरपंथी थे। इनका सम्बन्ध मास्टर जनकधारी सिंह से हुआ। मास्टरजी स्वामी दयानन्द के भक्त, शिष्य और आर्यसमाजी विचारों के थे। इन्हीं के सम्पर्क में आकर स्वामी मुनीश्वरानन्दजी न केवल स्वामी दयानन्द के भक्त ही बने बल्कि संन्यासी बनकर उन्होंने आर्यसमाज का यावज्जीवन प्रचार किया। वे प्रायः आर्यसमाज दानापुर में रहा करते थे। स्वामीजी कठोर खण्डन को भी मृदु एवं हृदयग्राही बना देते थे। उनके सम्बन्ध में कलकत्ता में हमने शास्त्रार्थ की चर्चा सुनी थी। हम सन् १९४४-४५ ई० में कलकत्ता आये थे। उस समय के कुछ आर्यों के मुख से शास्त्रार्थ की यह घटना सुनी थी। अविश्वसनीयता का कोई कारण नहीं है, अतः इसे इतिहास के इस अंक में यथाश्रुत लिख रहे हैं-

डलहौसी स्क्वायर में (बी० बी० डी० बाग) पौराणिकों और आर्यसमाजियों के बीच शुद्धि पर शास्त्रार्थ था। पौराणिकों की ओर से प्रसिद्ध विद्वान् पं० अखिलानन्दजी आए हुए थे। आर्यसमाजियों की ओर से प्रमुख शास्त्रार्थ कर्त्ता स्वामी मुनीश्वरानन्दजी थे। जैसे ही शास्त्रार्थ आरम्भ होने की बात आयी, पं० अखिलानन्दजी ने एक चुटकीभरा व्यंग्यात्मक प्रश्न छेड़ दिया। उस समय डलहौसी स्क्वायर के बाहर-बाहर ट्राम लाइन थी और पार्क के बाहर चारों ओर खुली नालियां थी। पं० अखिलानन्दजी ने स्वामी मुनीश्वरानन्दजी से पूछा कि स्वामीजी! एक व्यक्ति आपके लिए रसगुल्ले ला रहा है। उसके हाथ से रसगुल्ले इन गन्दी नालियों में गिर पड़े और वे नष्ट हो गये। अब आप क्या उन रसगुल्लों को हवन-यज्ञ करके शुद्ध कर लेंगे और मलमूत्र में सने ये रसगुल्ले पवित्र होकर ग्रहण करने योग्य हो जायेंगे? और यदि नहीं, तो इन भृष्ट पतित विधर्मियों को हवन-यज्ञ द्वारा आप कैसे पवित्र बनाकर ग्रहण कर सकते हैं। अखिलानन्दजी की इस वाक्चातुरी पर पौराणिकों ने ताली पीट दी और बड़ा हर्ष मनाया। अखिलानन्दजी की सूझबूझ पर वाह-वाह होने लगा।
अब स्वामी मुनीश्वरानन्दजी की बारी थी। स्वामीजी ने डबल चुटकी ली। एक वाक्य में तो यह कहकर अखिलानन्दजी की बात हल्की कर दी कि मलमूत्र में गिरे रसगुल्ले तो हवन-यज्ञ से शुद्ध भी नहीं हो सकते, इसलिए उनके शुद्ध करने और ग्रहण करने का कोई प्रश्न ही नहीं उठता। किन्तु इसके बाद जो चुटकी ली उससे अखिलानन्दजी को भी और पौराणिकों को भी लेने के देने पड़ गये। स्वामी मुनीश्वरानन्दजी ने कुछ इस प्रकार कहा- पं० अखिलानन्दजी विद्वान् आदमी हैं, इन्होंने गंगा-स्नान किया, चन्दन-टीका लगाया, रामनामी-शिवनामी ओढ़ी और खड़ाऊं पर चढ़कर यही स्क्वायर की सभा के लिए चल पड़े। संयोग की बात यदि इन्हीं नालियों के पास पण्डितजी का खड़ाऊं फिसल जाए और इन्हीं नालियों में पण्डितजी गिर जायें तो यह नाली का कूड़ा-कचरा न तो रामनामी-शिवनामी कपड़ों को छोड़ेगा और निश्चय ही कुछ न कुछ अंश पण्डितजी के मुँह-नाक में जा सकता है। पण्डितजी गिर पड़े, पतित हो गये, इतनी तो घटना है। अब हम यदि यह कहते हैं कि पण्डितजी को स्नान इत्यादि कराओ, मुँह आदि धुलवाओ, शुद्धस्वच्छ कपड़े पहला लो, तो क्या पं० अखिलानन्दजी भी छेने के रसगुल्ले हैं जो नालियों में गिर गये तो सदा के लिए पतित हो गये?

यह जहां शुद्धि का मार्मिक उत्तर था वहां अखिलानन्दजी की बोलती बन्द हो गयी और आर्यसमाजी सिद्धान्तों का जयजयकार होने लगा।
स्वामी मुनीश्वरानन्दजी वैदिक धर्म प्रचारार्थ यों तो सारे देश में घूमते थे, पर विशेषरूप से बिहार और उसी के साथ कलकत्ता भी प्रचारार्थ आते थे। स्वामीजी को वृद्धावस्था में कारवंकल (पच्छघाव फोड़ा) हो गया था। कहते हैं एक ओर मधुमेह और दूसरी ओर कारवंकल, स्वामीजी इससे स्वस्थ न हो पाये। स्वामी मुनीश्वरानन्दजी के सम्बन्ध में एक और महत्वपूर्ण सूचना है जिसके बिना उनके व्यक्तित्व को समझना अधूरा ही रह जायगा। स्वामी मुनीश्वरानन्दजी ने जब कारवंकल (पच्छघाव फोड़े) का ऑपरेशन कराया था तो क्लोरोफार्म सूंघ कर बेहोश होने से इन्कार कर दिया था। स्वामी मुनीश्वरानन्दजी का कहना था कि जब वे ध्यानावस्थित हो जायें तो डाक्टर आराम से उनका ऑपरेशन कर लें। ऐसा ही हुआ। स्वामी मुनीश्वरानन्दजी ने ध्यानावस्थित होकर इतने भयानक फोड़े का ऑपरेशन करा लिया और ऐसे निश्चेष्ट पड़े रहे कि जैसे उनका शरीर चेतनाहीन हो गया था।

स्वामी मुनीश्वरानन्दजी की मृत्यु के समय उनके पास कुछ रुपये निकले थे। बिहार प्रतिनिधि सभा ने उनकी स्मृति में और पर्याप्त धन लगाकर पटना में मुनीश्वरानन्द भवन (प्रतिनिधि सभा का भवन) बनवा दिया। मुनीश्वरानन्दजी साधु भी थे और योगी भी थे। ऋषिभक्त थे और प्रचारक भी थे। कलकत्ता में उनके प्रचार की मधुर स्मृतियां लोगों के हृदयों में संचित रही हैं।

[सन्दर्भ ग्रन्थ- आर्यसमाज कलकत्ता का १०० वर्षीय इतिहास; सम्पादक- स्वर्गीय उमाकांत उपाध्याय]

Comments

Popular posts from this blog

मनुर्भव अर्थात् मनुष्य बनो!

मनुर्भव अर्थात् मनुष्य बनो! वर्तमान समय में मनुष्यों ने भिन्न-भिन्न सम्प्रदाय अपनी मूर्खता से बना लिए हैं एवं इसी आधार पर कल्पित धर्म-ग्रन्थ भी बन रहे हैं जो केवल इनके अपने-अपने धर्म-ग्रन्थ के अनुसार आचरण करने का आदेश दे रहा है। जैसे- ईसाई समाज का सदा से ही उद्देश्य रहा है कि सभी को "ईसाई बनाओ" क्योंकि ये इनका ग्रन्थ बाइबिल कहता है। कुरान के अनुसार केवल "मुस्लिम बनाओ"। कोई मिशनरियां चलाकर धर्म परिवर्तन कर रहा है तो कोई बलपूर्वक दबाव डालकर धर्म परिवर्तन हेतु विवश कर रहा है। इसी प्रकार प्रत्येक सम्प्रदाय साधारण व्यक्तियों को अपने धर्म में मिला रहे हैं। सभी धर्म हमें स्वयं में शामिल तो कर ले रहे हैं और विभिन्न धर्मों का अनुयायी आदि तो बना दे रहे हैं लेकिन मनुष्य बनना इनमें से कोई नहीं सिखाता। एक उदाहरण लीजिए! एक भेड़िया एक भेड़ को उठाकर ले जा रहा था कि तभी एक व्यक्ति ने उसे देख लिया। भेड़ तेजी से चिल्ला रहा था कि उस व्यक्ति को उस भेड़ को देखकर दया आ गयी और दया करके उसको भेड़िये के चंगुल से छुड़ा लिया और अपने घर ले आया। रात के समय उस व्यक्ति ने छुरी तेज की और उस...

वेदों में ईश्वर के एक होने के प्रमाण

वेदों में ईश्वर के एक होने के प्रमाण लेखक -  पंडित धर्मदेव विद्यामार्तण्ड वेदों में ईश्वर के एक होने (Monotheism) का वर्णन है जबकि पश्चिमी विद्वानों द्वारा वेदों में अनेक ईश्वर (Polytheism) होना बताया गया है । स्वामी दयानंद द्वारा वेद विषयक वैचारिक क्रान्ति का मैक्समूलर पर इतना प्रभाव हुआ कि कालान्तर में मैक्समूलर भी वेदों में एकेश्वरवाद की धारणा का समर्थन करने पर विवश हो गये । इस सन्दर्भ में वेदों के प्रकाण्ड विद्वान् पण्डित धर्मदेव विद्यामार्तण्ड जी द्वारा लिखित यह अलभ्य लेख " वैदिक ईश्वरवाद " हमारी शंका का समाधान करने के साथ - साथ अत्यन्त रोचक और विचारणीय है । ( १ ) कई विद्वान ' वेद असभ्य जंगली लोगों द्वारा बनाये गये और उनमें इष्ट की प्राप्ति और अनिष्ट के परिहार के लिये अग्नि , वायु , सूर्य , नदी , समुद्र , पर्वत आदि की पूजा का इन्द्र , मित्र , वरुण , मरुत आदि देवों के नाम से उपदेश है ' ऐसा बताते हैं । ( २ ) अन्य कई विद्वान् वे...

असत्य-पराजय

असत्य-पराजय अर्थात् वामपंथी मौलाना अहसन फिरोजाबादी के 'हिन्दू धार्मिक ग्रन्थ रामायण की असल हकीकत' नामक अश्लील और उच्छृंखलतापूर्ण लेख का मुंहतोड़ जवाब लेखक- प्रियांशु सेठ प्राचीनकाल के ऋषि हमें वेद के उपदेश 'पापीरप वेशया धिय: (अथर्व० ९/२/२५)' पर चलने की प्रेरणा देते हैं। मन्त्र का भाव है कि 'हे प्रभो! पापमय बुद्धियों को- विचारों को अन्यत्र हमसे दूर अन्य स्थानों पर ही रखिये।' वेद का सन्देश है कि मानव को न अपने कर्म से अपितु अपने विचारों से भी पाप-वासना को दूर रखना चाहिए, यथा- 'हे मेरे मन के पाप! मुझसे बुरी बातें क्यों करते हो? दूर हटो, मैं तुझे नहीं चाहता (अथर्व० ६/४५/१)।' वेद के इस महान् सन्देश को ऋषियों ने अपने जीवन का अंग बनाया। ऋषियों की दृष्टि में धन-नाश कोई हानि नहीं, स्वास्थ्य-नाश एक बड़ी हानि है और चरित्र-नाश सर्वनाश है। आदिकवि 'महर्षि वाल्मीकि' भी इन ऋषियों में से ही थे। वाल्मीकि जैसे प्रतिभा-सम्पन्न, धर्मज्ञ, सत्य-प्रतिज्ञ और उच्च विचारों वाला कवि आज तक नहीं हुआ। उनका आदिकाव्य 'श्रीमद्वाल्मीकी-रामायण' भूतल का प्रथम ऐति...